Ranchi/Palamu : झारखंड में आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के संदेह में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस (ATS) की संयुक्त टीम ने राजधानी रांची में असहर दानिश के बाद पलामू जिले के हुसैनाबाद से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। संदेह के आधार पर रांची में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी रह रही है। पलामू के हुसैना बाद से हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 22 वर्षीय वकील आलम के रूप में हुई है, जो हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के निवासी गुलशेर आलम उर्फ मुन्ना का बेटा बताया जाता है।
पुलिस उसे अपने साथ ले जाकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई रांची में संदिग्ध आतंकी असहर दानिश की गिरफ्तारी के बाद की गई है। वकील आलम मनिहारी का काम करता है और जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल नंबर के किसी आतंकी समूह से जुड़े होने की सूचना मिली है।
जांच एजेंसियां कर रही हैं पूछताछ
पुलिस को आशंका है कि वकील आलम के आईएसआईएस या किसी अन्य आतंकी संगठन से संबंध हो सकते हैं। फिलहाल, जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं। इस मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस या झारखंड एटीएस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग सकते में हैं।

