Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 (Ghatsila By-Election 2025) के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कमीशनिंग प्रक्रिया रविवार को पूरी कर ली गई। को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में चल रही प्रक्रिया का डीसी सह जिला निर्वाचन अधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
प्रत्याशियों की सूची जारी होने और दूसरे रैंडमाइजेशन के बाद बूथवार बैलेट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट मशीनों की सेटिंग कर ली गई है। इस दौरान बैलेट पेपर लोडिंग, कैंडिडेट सेटिंग और सिंबल फीडिंग का काम भी कर लिया गया है। सभी मशीनों को नियम के अनुसार एड्रेस टैग और पिंक पेपर के साथ सील किया गया है। पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कमीशनिंग का काम पूरा होने के बाद 5 प्रतिशत मशीनों पर 1000-1000 वोट डालकर मॉक पोल कराया गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक रिजल्ट और वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया गया और दोनों के नतीजे एक समान पाए गए। इसके बाद सभी मशीनों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा स्ट्रॉन्ग रूम में रख दिया गया है।
मतदान के दिन मशीनों को प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतदान केंद्रों पर भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी प्रियंका सिंह, ईवीएम कोषांग प्रभारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

