Home » JHARKHAND CABINET NEWS: कैबिनेट की बैठक में 13 प्रस्तावों को मिली मंजूरी, देखें लिस्ट

JHARKHAND CABINET NEWS: कैबिनेट की बैठक में 13 प्रस्तावों को मिली मंजूरी, देखें लिस्ट

by Vivek Sharma
VANDANA DADEL
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में झारखंड कैबिनेट की बैठक हुई। जिसमें 13 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन प्रस्तावों में किसानों के लिए सिंचाई परियोजना, गरीबों के लिए आवास, खिलाड़ियों के हित में फैसले, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार समेत कई फैसले शामिल हैं। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि जल संसाधन विभाग के तहत रांची जिला के मांडर और चान्हो प्रखंड में दक्षिण कोयल नदी से भूमिगत पाइपलाइन बिछाकर जल आपूर्ति की योजना को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत 4055 हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जाएगा। इसके लिए 236.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह योजना ‘कैम्बो मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना’ के रूप में चलाई जाएगी।

दो हॉकी खिलाड़ियों को बड़ी राहत

राज्य की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को आवास बोर्ड द्वारा दी गई भूमि के निबंधन पर मुद्रांक और निबंधन शुल्क से पूर्ण छूट दी गई। सरकार का यह कदम राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। वहीं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत अब आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही इस योजना के तहत बनने वाले आवासों की संख्या भी बढ़ाकर 2400 कर दी गई है। इसका लाभ गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाएगा।

सड़क निर्माण के दो बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी

दुमका जिले में बरमसिया से शहरघाटी मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 44.93 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके अलावा करमाटांड से भोगतानडीह मार्ग के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 35.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राज्य के वीआईपी और वीवीआईपी सरकारी दौरे के लिए 2+5 सीटर ट्विन इंजन बेल-429 हेलिकॉप्टर की सेवा को अगले छह महीनों के लिए समान दर और शर्तों पर बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। झारखंड हेल्थ केयर एलाइड एंड पैरामेडिकल रूल्स-2025 को गठन की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मल्टीपर्पज स्टाफ सेवा नियमावली, 2025 को भी स्वीकृति मिली। इन नियमावलियों के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने का उद्देश्य है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगी पेंशन

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 1 जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त या दिवंगत शिक्षकों को पेंशन और पारिवारिक पेंशन पुनरीक्षण की मंजूरी दी गई है। वहीं इटकी सैनेटोरियम के डॉ. रंजीत प्रसाद पर पूर्व में लगाए गए दंड में संशोधन करते हुए उनसे वसूली किस्तों में करने का निर्णय लिया गया है। उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिका के संदर्भ में ग्रेन गोला चौकीदार से प्रखंड कल्याण पर्यवेक्षक पद पर प्रोन्नति पाने वाले कर्मचारियों के वेतनमान को 5200-20200, ग्रेड पे 2400 स्वीकृत किया गया।

घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए फंड स्वीकृत

घाटशिला (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा उपचुनाव के संचालन हेतु झारखंड आकस्मिकता निधि से 7.84 करोड़ रुपये अग्रिम प्राप्त करने और निकासी की मंजूरी दी गई। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र दो चरणों में 1 से 4 अगस्त और 22 से 28 अगस्त 2025 तक आयोजित किए जाने के बाद कैबिनेट ने मंजूरी दी।

READ ALSO: RANCHI BJP NEWS: चाईबासा सदर अस्पताल की घटना शर्मनाक, सीपी सिंह बोले-सरकार स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करे

Related Articles