Ranchi (Jharkhand) : रांची के रातू रोड इलाके में गुरुवार की सुबह बड़ा हादसा टल गया। स्कूल बस चला रहा चालक अचानक बेहोश होकर स्टेरिंग पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में एक खंभे से जा भिड़ी। रास्ते में खड़े कई दोपहिया वाहन बस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि बस में सवार स्कूली बच्चों और सड़क पर चल रहे लोगों में से कोई भी घायल नहीं हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
घटना उस समय हुई जब स्कूल बस रातू रोड से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक एक ओर तेजी से मुड़ने लगी। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कई बाइक और स्कूटर बस के नीचे आ गए। बस आगे बढ़ते हुए बिजली के एक पोल से जा टकरा कर रुक गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की वजह चालक का अचानक बेहोश हो जाना था। बेहोशी की हालत में ही लोग उसे बस से बाहर निकाल कर अस्पताल लेकर गए।
घटनास्थल पर हड़कंप, अभिभावक पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना की टीम और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, खबर पाकर बच्चों के परिजन भी दौड़कर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली। अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए।
पुलिस ने क्या कहा?
सुखदेव नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने पुष्टि की कि बस का चालक चलते वक्त बेहोश हो गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। ड्राइवर को बेहोश हालत में स्टेयरिंग से हटाकर अस्पताल भेजा गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि टकराने के बाद भी चालक स्टेयरिंग पर ही बेहोश पड़ा था।

