
Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मदबुद मोहल्ला में एक बुजुर्ग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बाबू लाल (66 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना शनिवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बाबू लाल शनिवार सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर गए थे। घर लौटने के कुछ समय बाद उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को घटना की जानकारी देर से मिली, जिसके बाद इसकी सूचना सोनारी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि बाबू लाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे और बीमारी के कारण मानसिक तनाव में रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है ।

