जमशेदपुर : पटमदा प्रखंड के कांकु गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रशर एवं खनन परियोजना के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और रैयत परिवारों ने उपायुक्त कार्यालय तथा जिला खनन कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते हुए परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों का कहना था कि कांकु और आसपास का इलाका आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है, जहां रोजगार के अवसर बेहद सीमित हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और महानगरों की ओर पलायन करना पड़ता है। उनका मानना है कि प्रस्तावित स्टोन क्रशर और खनन परियोजना शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही काम मिल सकेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि 33 रैयत परिवारों ने उद्योग स्थापना के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई है। उनका कहना है कि उद्योग के संचालन से क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा। साथ ही स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

jamshedpur dc office protest
परियोजना के समर्थन में उतरे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के कारण उद्योग का विरोध कर रहे हैं और विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से परियोजना को आगे बढ़ाने तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की।
ग्रामीणों ने उद्योग क्षेत्र तक जाने वाले मार्गों को सुदृढ़ करने, आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करने और स्थानीय लोगों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर परियोजना के पक्ष में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

