
Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध देवरी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मां दिउड़ी के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार माता रानी की पूजा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराया गया। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोग काफी उत्साहित नजर आए।
मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि मां दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मुख्यमंत्री ने राज्य की खुशहाली और विकास के लिए माता रानी से आशीर्वाद मांगा।

