Home » Christmas In Jamshedpur: चरनी में जन्मे प्रभु यीशु मसीह, रात भर गुलजार रहे चर्च, आज दिन भर बांटे जाएंगे खुशियों के संदेश

Christmas In Jamshedpur: चरनी में जन्मे प्रभु यीशु मसीह, रात भर गुलजार रहे चर्च, आज दिन भर बांटे जाएंगे खुशियों के संदेश

by Birendra Ojha
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : देश दुनिया में बुधवार को रात 12 बजे प्रभु यीशु मसीह के आगमन की खुशी मनाई गई। चरनी (अस्तबल) में प्रतीक के तौर पर जैसे ही बालक यीशु मसीह का जन्म हुआ, घंटे घड़ियाल से गिरजाघर (चर्च) गूंज उठे। क्रिसमस का त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। रोमन कैथोलिक चर्च इस कड़ाके की ठंड में भी गुलजार रहे और बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के बच्चे युवा बुजुर्ग महिलाएं कलीसिया पहुंचे थे।


यहां ईसाई पुरोहितों (फादर) ने प्रभु यीशु द्वारा बताए गए प्रेम शांति सत्य अहिंसा और भाईचारे का संदेश दिया।
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित संत जोसेफ महागिरजाघर, बिष्टुपुर के सेंट मेरीज चर्च, लुपिता चर्च (टेल्को), मर्सी चेप्पल (बारीडीह), कॉन्वेंट स्कूल (बिष्टुपुर), कार्मेल स्कूल (सोनारी), एक्सएलआरआई (सीएच एरिया, बिष्टुपुर) और लोयोला चर्च (धतकीडीह लेक) में प्रार्थना सभा हुई और प्रभु यीशु के मिस्सा (बलिदान) का स्मरण किया गया।


कैरोल सिंगिंग के दौरान काफी संख्या में मसीही समुदाय के लोगों ने अपने पाप को स्वीकार करते हुए कन्फेशन (प्रायश्चित) किया, पुरोहितों ने उन पर ‘होली वाटर’ (पवित्र जल) का छिड़काव करते हुए सत्य, प्रेम और न्याय के रास्ते पर चलने का मार्गदर्शन दिया। समाज, राज्य, देश और दुनिया में अमन शांति तरक्की के लिए प्रार्थना की गई।
सभी कलीसिया (गिरजाघर) में पवित्र बाइबल के वचन पहला, दूसरा एवं तीसरा पाठ पढ़ा गया। प्रभु यीशु मसीह के बाल रूप को बड़े ही श्रद्धा प्रेम भावना के साथ चरनी में रखा गया।


लोयोला स्कूल चर्च में मुख्य याजक फादर अजीत सोरेंग ने क्रिसमस की बधाई देते हुए कहा कि यीशु मसीह का आगमन पर्व है और हमें बाह्य आनंद उल्लास, भौतिक भोग का जीवन नहीं जीना है, बल्कि आध्यात्मिक रूप से प्रभु के संदेशों को आत्मसात करना है। अंधकार में प्रभु यीशु मसीह आए और उन्होंने समस्त मानव जाति के कल्याण और मुक्ति के लिए, उसे अंधकार से छुटकारा दिलाने के लिए पाप, बुराइयों, द्वेष, घृणा, लालच, क्रोध, युद्ध से बचने के लिए खुद को क्रूस पर बलिदान चढ़ा दिया था।
उनके अनुसार क्रिसमस हमारे लिए तभी सार्थक है, जब हम खुद की विषय-वासना त्याग कर भक्ति-भावना से आध्यात्मिक रूप से प्रभु यीशु की ओर बढ़ेंगे, तभी हमारी आशाएं पूरी होगी। हमारा जीवन सुखमय होगा। विशेष प्रार्थना सभा में फादर मुक्ति क्लेरेंस, फादर सीजी थॉमस, फादर विक्टर मिस्किथ, फादर कुरुविला, फादर चार्ली परेरा, फादर सिरिल तिग्गा आदि शामिल हुए।
शहर के बिष्टुपुर स्थित बेल्डीह बैपटिस्ट, जीईएल, सीएनआई कलीसिया में गुरुवार की सुबह विशेष प्रार्थना सभा आयोजित होगी।
क्रिसमस के मौके पर सभी चर्च रंगबिरंगी रोशनी से नहाए हुए हैं। बुधवार की मध्य रात्रि से गुरुवार को देर रात तक प्रभु यीशु के जन्म की बधाई और प्रेम व भाईचारे के संदेश बांटे जाएंगे।

Related Articles