Ranchi : आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्र्ष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कारोबारी विनय सिंह को शनिवार को सात दिनों के रिमांड पर लिया है। अब तक हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में बंद विनय सिंह को एसीबी की टीम रिमांड पर लेकर शनिवार दोपहर रांची पहुंची, जहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। अगले एक सप्ताह तक उनसे लगातार पूछताछ की जाएगी।
विनय सिंह निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे के करीबी माने जाते हैं। उन पर चौबे के कथित काले धन के निवेश और मनी लॉन्ड्रिंग में भूमिका निभाने का आरोप है। हाल में सामने आए चर्चित जमीन घोटाले की जांच के दौरान भी उनका नाम प्रमुख रूप से उभरकर आया है।
एसीबी की पड़ताल में विनय कुमार चौबे एवं उनके परिजनों तथा विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के बीच करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन का विस्तृत रिकॉर्ड सामने आया है। एजेंसी के पास यह जानकारी भी है कि ये लेन-देन कब, किस माध्यम से और किन खातों के जरिए किए गए।
इसी ब्योरे के आधार पर एसीबी ने पूछताछ के लिए लंबी प्रश्नावली तैयार की है। रिमांड अवधि के दौरान इन सवालों के जरिए पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा जाएगा, ताकि आय से अधिक संपत्ति के प्रकरण में आगे की कार्रवाई को ठोस आधार मिल सके।
89

