जामताड़ा : जामताड़ा जिले में लगातार अपराधिक घटनाओं से पुलिस व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक ने सख्त तेवर दिखाए हैं। अपराध नियंत्रण में नाकामी और प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में जामताड़ा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया गया है।
वहीं, मिहिजाम थाना क्षेत्र में 25 दिसंबर की रात शिर्डी ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी की घटना के दौरान रात्रि गश्त में गंभीर लापरवाही बरतने पर गश्ती दल और टाइगर मोबाइल के पांच पुलिसकर्मियों को भी निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अपराधों पर अंकुश लगाने में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मिहिजाम चोरी कांड में लापरवाही के लिए निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एएसआई अजय कुमार, आरक्षी 567 परमेश्वर मंडल, आरक्षी 206 मनबोध कुमार सिंह, टाइगर मोबाइल के आरक्षी निशांत चक्रवर्ती और आरक्षी प्रदीप दास शामिल हैं। इन सभी को रात्रि गश्त के दौरान ड्यूटी पर अनुपस्थिति या लापरवाही का दोषी पाया गया।
गौरतलब है कि लगातार दो दिन ज्वेलरी दुकानों पर वारदात24 दिसंबर की शाम जामताड़ा थाना क्षेत्र के बालाजी ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इसके ठीक अगले दिन 25 दिसंबर की रात मिहिजाम के शिर्डी ज्वेलर्स में चोरों ने सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिसकी जानकारी 26 दिसंबर को मिली। लगातार दो दिनों में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाए जाने से जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। इन घटनाओं के बाद एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिम्मेदारों पर शिकंजा कसा है।

