जमशेदपुर : शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निजी विद्यालयों के प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए आवेदन की तिथि को विस्तारित कर दी गयी है। इसे लेकर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके तहत अब इच्छुक अभिभावक 10 जनवरी 2026 तक उक्त पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आवेदन भरने की अंतिम विस्तारित अवधि होगी, इसके बाद तिथि में कोई और विस्तार नहीं किया जाएगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। मालूम हो कि पहले 31 दिसंबर अंतिम तिथि थी। लेकिन पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार आवेदन की संख्या में कमी को देखते हुए विभाग ने तिथि को बढ़ा दी है।
विभाग की ओर से कहा गया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में अवस्थित गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के प्रबंधक, संचालक को अवगत कराया गया है कि निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के अंतर्गत (अल्पसंख्यक विद्यालयों को छोड़कर) सभी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में प्रवेश कक्षा की 25 प्रतिशत सीटें अभिवंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों पर नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जिले के आधिकारिक पोर्टल https://rteeastsinghbhum.com के माध्यम से संचालित की जा रही है।
अब तक 2340 फॉर्म भरे गए
जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 2340 फॉर्म अब तक भरे गए हैं। जबकि पिछली बार 3 हजार से अधिक फॉर्म भरे गए थे। ऐसे में पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 700 से कम फॉर्म भरा गया है। इसी को देखते हुए आवेदन की तिथि को विस्तारित की गयी है। मालूम हो कि शहर के निजी स्कूलों में आरक्षित कोटे की कुल 1524 सीट है। जिन पर इस प्रक्रिया के तहत दाखिला लिया जाएगा।
सभी जन्म व आय प्रमाणत्र की होगी जांच
आरक्षित कोटे की सीटों पर जितने भी आवेदन आएंगे उनकी जांच शिक्षा विभाग की ओर से प्रमाणपत्र जारी करने वाले विभागों से कराएगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रमाणत्रों के जांच की प्रक्रिया शुरू होगी। अगर जांच में कोई प्रमाणपत्र फर्जी मिला तो उस आवेदन को रद्द करते हुए उसे एडमिशन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा।

