Home » Bokaro Crime : बोकारो में दंपती व उनके मासूम बच्चे की मिली लाश, आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या की आशंका, परिजनों ने मकान मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

Bokaro Crime : बोकारो में दंपती व उनके मासूम बच्चे की मिली लाश, आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या की आशंका, परिजनों ने मकान मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

मामले की जांच में जुटी पुलिस, युवक ने मकान मालिक से लिया था कर्ज.

by Mujtaba Haider Rizvi
Bokaro Crime
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-9, 9बी स्ट्रीट-पांच स्थित झोपड़ीनुमा मकान में रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान कुंदन कुमार तिवारी (35), उनकी पत्नी रेखा कुमारी (33) और उनके दो वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है। कुंदन मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, घर के भीतर बच्चे का शव पलंग पर पड़ा मिला, जबकि पति-पत्नी के शव फंदे से लटके हुए पाए गए। सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सिटी डीएसपी आलोक रंजन, मो. खुर्शीद आलम और सुदामा दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार कुंदन कुमार तिवारी किसी स्थायी रोजगार से जुड़े नहीं थे और कर्ज लेकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक कर्ज के दबाव में आकर पहले बच्चे की हत्या की गई और इसके बाद पति-पत्नी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं, मृतका के पिता ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी, दामाद और नाती की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि परिवार ने मकान मालिक से करीब दो लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसके बदले उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी को बंधक बनाकर रखा गया था और बदले में जेवरात भी ले लिए गए थे।

मृतका की मां ने भी मकान मालिक पर मारपीट और बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप लगाया है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इधर, मकान मालिक परमेश्वर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कुंदन कुमार तिवारी को करीब 12 लाख रुपये का कर्ज दिया था, जिसका लिखित एग्रीमेंट मौजूद है और वह कोर्ट में जमा है। उनके अनुसार, यह दस्तावेज उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए बनवाया था।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या-दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। युवक ने मकान मालिक से दो लाख रुपए कर्ज लिया था। या फिर 12 लाख रुपए कर्ज लिया था। इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मकान मालिक ने दो लाख के कर्ज को 12 लाख का बना दिया और इसी को लेकर वह युवक को प्रताड़ित करने लगा। हो सकता है इसके चलते दंपती ने पहले बच्चे की हत्या की और फिर खुद फांसी लगा ली। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Also Read: Ranchi News : इरफान इकबाल के खाते से IAS विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी को बड़े पैमाने पर हुए संदिग्ध मनी ट्रांसफर, ACB की जांच तेज

Related Articles