Palamu : मनातू थाना क्षेत्र में पलामू पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 1.114 किलोग्राम अफीम जैसे मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 5 जनवरी 2026 को ग्राम चक में की गई।पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। छापेमारी के दौरान ग्राम चक निवासी उमाशंकर कुमार और उसके रिश्तेदार राहुल कुमार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।तलाशी के क्रम में उमाशंकर कुमार के घर से प्लास्टिक में रखा अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन करीब 1.114 किलोग्राम है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया।
इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध रूप से मादक पदार्थ की खरीद और बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद मनातू थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।पलामू पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

