Giridih : झारखंड के सीसीएल बनियाडीह एरिया स्थित वर्कशॉप में हथियारबंद अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर लाखों रुपये मूल्य के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड मो. अफजल हुसैन, श्यामसुंदर यादव और अर्जुन सिंह के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे सीसीएल का गश्ती दल वर्कशॉप परिसर में आया था। इसके बाद लगभग एक बजे थाना की गश्ती टीम भी मौके पर पहुंची और डेढ़ बजे के आसपास जांच कर लौट गई।
गार्डों ने बताया कि पुलिस गश्ती के जाने के कुछ देर बाद ही रात करीब दो बजे 15 से 20 की संख्या में हथियारबंद अपराधी वर्कशॉप परिसर में घुस आए। सभी अपराधियों के पास पिस्टल सहित अन्य घातक हथियार थे। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर तीनों सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाया और एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद अपराधियों ने करीब तीन घंटे तक वर्कशॉप में रखे लोहे के सामान, मशीनों के पार्ट्स और अन्य कीमती उपकरणों को एक वाहन में लोड किया और तड़के फरार हो गए। सुबह करीब पांच बजे अपराधियों ने गार्डों को मुक्त किया।
घटना की सूचना मिलते ही सीसीएल के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। सीसीएल के सुरक्षा प्रभारी भुवनेश्वर मंडल ने बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

