Godda: गोड्डा जिले में चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना पोडैयाहाट थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव की है, जहां बधार में पप्पू अंसारी नामक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मटिहानी गांव निवासी मुनीलाल मरांडी और अनंत मरांडी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य आरोपियों के नाम भी बताए हैं। आरोपियों के अनुसार, 8 जनवरी 2026 की रात उनके घर के गोहाल से मवेशी चोरी कर तीन लोग भाग रहे थे। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा कर बहियार में एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक गोड्डा के पथरगामा के रानीपुर के रहने वाले पप्पू अंसारी है। पुलिस के अनुसार पप्पू अंसारी पूर्व में कई बार मवेशी चोरी और तस्करी के मामलों में जेल जा चुका था। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे भीड़ द्वारा की गई हत्या बताते हुए आरोप लगाया कि पप्पू पशु खरीद-बिक्री का काम करता था।
इस घटना को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए घटना की निंदा की थी। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Also Read: Palamu News: पलामू के पिपरा में कंबल को लेकर हंगामा, चोरी का आरोप लगा BDO की जीप रोक कर छीन ली चाबी

