
RANCHI: गणतंत्र दिवस 26 जनवरी से पूर्व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार रांची मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता और जागरूकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को साझा जिम्मेदारी बताते हुए आरपीएफ ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
आरपीएफ की ओर से यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी अथवा नजदीकी रेलवे कर्मी को दें। यात्रियों को अपने सामान की स्वयं निगरानी रखने, अनजान व्यक्तियों से कोई पैकेट या खाद्य पदार्थ स्वीकार न करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है। सभी प्रमुख और छोटे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती, निरंतर गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिससे कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

