RANCHI : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.वी.के. सुब्रमण्यम ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी स्वदेशी तकनीक से निर्मित अत्याधुनिक कैंसर ट्रीटमेंट मशीन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मशीन अब देश-विदेश में उपयोग की जा रही है। जिससे कैंसर जैसी घातक बीमारी के इलाज में बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि की सराहना की और कहा कि यह मशीन कैंसर के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। साथ ही कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। कैंसर मरीजों के इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं राज्य के अस्पतालों में उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बढ़ते मामलों को लेकर राज्य सरकार चिंतित है और इस चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश और सुधार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर के इलाज की अत्याधुनिक सुविधाओं का राज्य में होना, झारखंडवासियों के लिए एक बड़ी राहत होगी। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस दौरान विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद थे। पनाशिया लिमिटेड बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक सुब्रमण्यम ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत एपीजे अब्दुल कलाम के साथ मिलकर कई शोध कार्यों में भी योगदान दिया हैं। वहीं उनके द्वारा बनाई गई कैंसर ट्रीटमेंट मशीन अब देश और विदेश के प्रमुख अस्पतालों में उपयोग हो रही है।

