Jamshedpur : बोकारो जिले के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित एलआईसी कॉलोनी जीवन कुटीर में दिन के उजाले में चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। कॉलोनी के मकान नंबर ई-2 में घुसकर चोरों ने अलमारी से करीब 32 लाख रुपये के जेवरात और 60 हजार रुपये नकद पार कर दिए हैं। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था।

परिजनों को चोरी की जानकारी तब मिली जब एक पारिवारिक मित्र शादी का कार्ड देने घर पहुंचे। उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ देखा और फौरन फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद परिवार को चोरी का पता चला।
एलआईसी कॉलोनी को सुरक्षित इलाका माना जाता है। यहां चार सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और कॉलोनी में आने-जाने वालों की जांच की जाती है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस चोरी से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी आलोक रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया है।
बताया जा रहा है कि एलआईसी अधिकारी मनीष सहाय 12 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ मथुरा गए थे। उनकी बेटी अंजलि ने बताया कि पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।

