चतरा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. इरफान अंसारी ने एयर एंबुलेंस क्रैश की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि सभी पहलुओं की जांच होगी और दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री एयर एंबुलेंस क्रैश में मारे गए लोगों को परिजनों से मिलने के लिए मंगलवार की सुबह चतरा आए थे। स्थानीय सदर अस्पताल पहुंचते ही सबसे पहले मंत्री ने मृतकों के शवों को देखा और पोस्टमार्टम की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने मौके पर ही उपायुक्त कीर्तिश्री एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एयर एंबुलेंस क्रैश की झारखंड में अब तक की यह सबसे बड़ी घटना है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों के साथ सरकार की पूरी संवेदना है। आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
घटना की सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी और जो कोई भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि मौसम खराब होने के बावजूद किस परिस्थिति में उड़ान भरा गया, यह भी जांच का विषय है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वीकार किया कि झारखंड में चिकित्सीय व्यवस्था बेहतर नहीं है। उन्होंने विपक्षी पार्टी (भाजपा) पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड में भारत का उच्च तकनीक वाला अस्पताल बनाने की योजना है, लेकिन विपक्ष कहीं न कहीं से अवरोध पहुंचाता रहता है।
इस मौके पर चतरा के सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, अपार समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

