Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गोवंश को छिपाकर रखने और तस्करी किए जाने की सूचना पर बुधवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। मजिस्ट्रेट डॉ. रागिनी के नेतृत्व में कपाली पुलिस ने इलाके के आठ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। देर रात तक रेड जारी रही। छापेमारी के दौरान वार्ड नंबर 14 में एक खटाल मिला, जहां कई गोवंश रखे गए थे।
खटाल संचालक ने पुलिस को बताया कि वह दुग्ध व्यवसाय से जुड़ा है और उसके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। पुलिस ने कागजात की जांच भी की।इसके अलावा गौसनगर, डांगूडीह और चांदनी चौक समेत आसपास के कई इलाकों में भी पूरे दिन पुलिस की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अन्य जगहों से कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।मंगलवार को गोवंश सेवकों ने आरोप लगाया था कि कपाली ओपी क्षेत्र के गौसनगर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में गोवंश को छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलने पर गोसेवक मौके पर पहुंचे थे, जहां स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। भीड़ ने गोवंश सेवकों की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया था, वहीं मीडियाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना सामने आई थी।
बताया जाता है कि कपाली ओपी क्षेत्र में लंबे समय से गोवंश तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। इसे लेकर कई बार गोसेवकों और कथित तस्करों के बीच विवाद और आमना-सामना भी हो चुका है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Read also – Seraikela News: कपाली में युवक की हत्या कर शव जलाया, पहचान में आ रही दिक्कत

