Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। मंगलवार को भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस पहुंची और चुनाव रद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि उनकी प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार नौशीन खान और उनके पति झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायत उल्ला खान के समर्थकों ने कई मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की है। रिंकू सिंह का कहना है कि उनके पोलिंग एजेंट के साथ मारपीट की गई। मतदान प्रक्रिया को भी बाधित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने मांग की कि राज्य निर्वाचन आयोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और जुगसलाई का चुनाव रद्द करें। यह चुनाव निष्पक्ष तरीके से दोबारा कराया जाए।
गौरतलब है कि जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला झारखंड के अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान की पत्नी नौशीन खान के बीच था। दोनों के बीच कांटे का मुकाबला बताया जा रहा है। 27 फरवरी को मतगणना के बाद रिजल्ट आएगा।
हिदायत खान पर नहीं हुई कार्रवाई
इस चुनाव में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि झामुमो ने डोली मल्लिक को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। जबकि, हिदायतुल्ला खान भी झामुमो के वरिष्ठ नेता हैं। वह अपने ही पार्टी के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसके बावजूद उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

