
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी ओपी क्षेत्र में तोरलो तालाब में मछली पकड़ने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मंझारी थाना क्षेत्र में बुधवार को दोपहर में मंझारी ओपी अंतर्गत बड़ा तोरलो गांव निवासी 18 वर्षीय चमरू कोंडाकेल अपने घर से बिजली के तार का कानेक्शन खींच कर तोरलो तलाब में करंट से मछली मार रहा था।
इसी दौरान भोंज कोंडाकेल को तलाब में उतर कर मछली को पकड़ने को कहा गया। वह बिना सोचे समझे पानी में उतर गया। इससे वह पानी में प्रवाहित बिजली के करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसके दोस्त बिक्रम कोंडाकेल, अरविन्द बिरूवा और महावीर बिरूवा भी मौजूद रहे। घटना के बाद सभी युवक मृतक को पानी से निकाल कर घर ले गए। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में परिजनों ने बताया कि मछली मारने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। हालांकि पूरी मामले की जांच पड़ताल पुलिस कर रही। पुलिस ने सभी युवकों को थाना बुलाकर अलग-अलग पूछताछ किया।


