RANCHI: रांची के समाहरणालय परिसर में अब काम के लिए आने वाले लोगों को आधुनिक लिफ्ट की सुविधा मिलेगी। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को नवनिर्मित लिफ्टों का उद्घाटन कर इन्हें आम लोगों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के उपयोग के लिए समर्पित किया। समाहरणालय के ब्लॉक-A में दो और ब्लॉक-B में तीन, कुल पांच आधुनिक लिफ्ट की शुरुआत की गई है।
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त ने समाहरणालय के नवीनीकृत सभागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समाहरणालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में आधुनिक लिफ्ट शुरू होने से लोगों को अलग-अलग तलों पर स्थित कार्यालयों तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। खासकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
समाहरणालय में लगाए गए सभी लिफ्ट आधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें सेल्फ रेस्क्यू प्रणाली की व्यवस्था की गई है। यदि अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, तो यह तकनीक स्वतः सक्रिय होकर लिफ्ट को नजदीकी फ्लोर तक ले जाती है, जिससे अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल सकें। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लिफ्टों के नियमित रख-रखाव, सुरक्षा मानकों के पालन और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि समाहरणालय परिसर में तीन और लिफ्ट का निर्माण कार्य भी जारी है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय आने वाले लोगों को और अधिक बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकेंगी।

