Gumla : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने गुरुवार को गुमला में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड की सेरका पंचायत की महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि चट्टी सेरका पंचायत निवासी 52 वर्षीय परमेश्वर सिंह को ग्राम सभा की ओर से एक कुएं की मरम्मत के कार्य का जिम्मा दिया गया था। उन्होंने कार्य पूरा कर लिया था और उसके बाद बकाया राशि के भुगतान तथा अंतिम बिल पास कराने की प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो ने बिल पास कराने के एवज में उनसे 8,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत देकर काम कराने की बजाए परमेश्वर सिंह ने इस मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गुप्त रूप से सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद एसीबी की एक विशेष टीम ने गुरुवार को बिशुनपुर प्रखंड में पंचायत सचिव के खिलाफ जाल बिछाया।
तय योजना के अनुसार जैसे ही पंचायत सचिव ने परमेश्वर सिंह से 8,000 की रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए एसीबी के अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम मामले में पूछताछ कर रही रही है। इधर इस कार्रवाई की खबर फैलते ही गुमला जिले के प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। गुमला में लगातार एसीबी की कार्रवाई से अधिकारियों और भ्रष्ट कर्मियों में हडकंप मचा हुआ है।

