Jamshedpur : शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो दिनों में 42 बुलेट को पकड़ा और चालकों से कुल 2 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर शुरू की गई है।
ट्रैफिक पुलिस को पिछले कुछ समय से शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से ध्वनि प्रदूषण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद गुरुवार और शुक्रवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खास तौर पर उन बाइकों को रोका गया जिनमें नियमों के विरुद्ध तेज आवाज करने वाले साइलेंसर लगाए गए थे।
मौके पर ही जब्त किए गए मोडिफाइड साइलेंसर
जांच के दौरान पुलिस ने वाहनों के कागजात भी जांचे और नियमों का उल्लंघन मिलने पर चालान काटा गया। कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई सभी बुलेट बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही जब्त कर लिए गए।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाते हैं और सड़क पर चलने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं।
जारी रहेगा ट्रैफिक पुलिस का अभियान
यातायात डीएसपी नीरज पाठक ने बताया कि अचानक तेज आवाज से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त किए गए साइलेंसरों को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
वाहन में अवैध बदलाव कराया तो होगी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध बदलाव न कराएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

