
RANCHI: राजधानी रांची को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला है। वहीं एचईसी इलाके में ही नई सिटी को बसाने का काम भी तेजी से चल रहा है। स्मार्ट सिटी बनने की दिशा में बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के कई दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। धुर्वा इलाके में सड़क किनारे खड़े जर्जर सीमेंट के पोल कभी भी बड़े हादसे को दावत दे सकते है। इतना ही नहीं अगर पोल किसी पर गिर गया तो उसकी जान जाना तय है। इसके बावजूद विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
मैच के दौरान रहती है चकाचौंध
यह खतरनाक स्थिति जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के पास की है, जहां सड़क किनारे सालों पुराना सीमेंट का पोल जर्जर हालत में खड़ा है। कई किलोमीटर तक रोड किनारे लगे सीमेंट के पोल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वह कभी भी गिर सकता है। सड़क के बिल्कुल किनारे होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए यह गंभीर खतरा बना हुआ है। हालांकि स्टेडियम में मैच के दौरान यहां चकाचौंध रहती है। वहीं आसपास के राज्यों के अलावा विदेशों से भी दर्शक पहुंचते है। इन सबके बावजूद इस तसवीर को बदलने पर किसी का ध्यान नहीं है।
हर दिन गुजरते है सैकड़ों वाहन
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से हर दिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। खास बात यह है कि इस सड़क से मुख्यमंत्री, मंत्री और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला भी गुजरता है। इसके बावजूद इस जर्जर पोल को हटाने या ठीक करने की दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि इस इलाके में नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, ताकि सड़क पर बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो सके। लेकिन नई व्यवस्था करने के बाद विभाग पुराने सीमेंट पोल को हटाना भूल गया। नतीजतन कई पुराने और जर्जर पोल अब भी सड़क किनारे खड़े हैं, जो किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
नहीं उठाया गया ठोस कदम
लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि अगर तेज हवा या किसी वाहन की हल्की टक्कर भी इस पोल से हो जाए तो यह गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका है। ऐसे पोल समय के साथ कमजोर होते जा रहे है और अचानक गिर सकते हैं। खासकर सड़क किनारे स्थित पोलों से दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। कुछ पोल तो अब तब गिरने की स्थिति में है। कुछ खंभों को तो नीचे से सीमेंट डालकर जाम कर दिया गया है। लेकिन उपर से कभी भी गिर सकता है।

