चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के अनुमंडल में आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष ईद-उल-फितर एवं सरहुल का पर्व 21 मार्च तथा रामनवमी का त्योहार 26 मार्च को मनाया जाएगा। इन पर्वों के मद्देनजर हिंदू नव वर्ष, चैती दुर्गा पूजा, सरहुल और रामनवमी के दौरान निकाले जाने वाले जुलूस, साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था को लेकर सोमवार को अनुमंडल कार्यालय पोड़ाहाट के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीओ ने ली जानकारी
बैठक में सरहुल और रामनवमी के दौरान विभिन्न अखाड़ों द्वारा निकाले जाने वाले जुलूसों के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के पालन पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीओ ने हिंदू नव वर्ष जुलूस, सरहुल अखाड़ा जुलूस और रामनवमी अखाड़ा जुलूस के प्रस्तावित मार्गों की जानकारी अखाड़ा समितियों से ली, वहीं मस्जिदों में नमाज के समय की भी जानकारी प्राप्त की।
CCTV कैमरे लगाने व ड्रोन से निगरानी कराने का दिया निर्देश
एसडीओ ने सभी अखाड़ा समितियों को जुलूस के दौरान वॉलेंटियर नियुक्त करने, मंदिर-मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर समिति की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा ड्रोन से निगरानी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर रोक लगाने, विवादित गीतों को ध्वनि विस्तारक यंत्र से नहीं बजाने तथा उच्च न्यायालय के आदेशानुसार लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमा का पालन करने को कहा। साथ ही कार्यक्रमों में शराब का सेवन कर शामिल नहीं होने तथा सोशल मीडिया या वाट्सएप ग्रुप में किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को देने की अपील की।
पर्व के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं से प्रशासन को कराया अवगत
एसडीओ ने कहा कि सभी समुदाय आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि शहर में सभी लोग साथ रहते हैं और आगे भी इसी भाईचारे के साथ रहना है। बैठक में रामनवमी केंद्रीय अखाड़ा समिति की ओर से विभिन्न अखाड़ों से जुड़ी समस्याएं रखी गईं, जबकि अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों ने भी पर्व के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
मौके पर ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी,अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद सिन्हा कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी, रामनवमी अखाड़ों के लाइसेंसधारी, उरांव सरना समिति के सदस्य, विश्व हिंदू परिषद और अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी सहित कई लोग उपस्थित थे।
Read Also- Seraikela News: अंकुर सिंह बने आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर , एक वोट से जीते

