रांची : झारखंड की राजधानी में सरहुल पर्व की उत्साहपूर्ण झलक झारखंड मंत्रालय में भी देखने को मिली। मंत्रालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी पारंपरिक परिधानों में नजर आए, जिससे पूरे वातावरण में सांस्कृतिक रंग घुल गया। महिला कर्मियों ने पारंपरिक सफेद-लाल साड़ी धारण की, जबकि पुरुष अधिकारी भी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पर्व की गरिमा बढ़ाते दिखे।
सरहुल के अवसर पर मंत्रालय के अलग-अलग विभागों में आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का माहौल बना रहा। कर्मचारियों के बीच पारंपरिक व्यंजन परोसे गए और सभी ने एक-दूसरे को सरहुल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विभागों में कार्यरत कर्मियों ने सामूहिक रूप से पर्व की खुशियां साझा कीं।

सरहुल: प्रकृति और संस्कृति का पर्व
सरहुल झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में मनाया जाने वाला एक प्रमुख आदिवासी त्योहार है, जो प्रकृति, विशेषकर साल वृक्ष की पूजा से जुड़ा होता है। यह पर्व नए वर्ष के आगमन और धरती की उर्वरता का प्रतीक माना जाता है। मंत्रालय में इस तरह के आयोजन से न केवल सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिलता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
Read Also- JHARKHAND NEWS: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने दी सरहुल की बधाई, जानें क्या कहा

