Jamshedpur : साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच झारखंड का जादूगोड़ा एक बार फिर चर्चा में है। साइबर ठगी में जादूगोड़ा जामताड़ा को भी पीछे छोड़ रहा है। जादूगोड़ा से पहले भी कई साइबर ठग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब यहां से फिर एक साइबर ठग की गिरफ्तारी हुई है जिसने दिल्ली में सात लाख रुपए का साइबर ठगी की थी।
दिल्ली में 7 लाख रुपये की साइबर ठगी को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी राज भकत को दिल्ली पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत इचड़ा गांव से गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि आरोपी ने दिल्ली निवासी एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर 7 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में 16 मार्च को पश्चिमी दिल्ली के साइबर थाने में पीड़ित द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान जादूगोड़ा के इचड़ा गांव निवासी राज भकत के रूप में हुई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम जादूगोड़ा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से इचड़ा गांव में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को घाटशिला अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दिल्ली पुलिस को ट्रांजिट रिमांड मिल गया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लेकर रवाना हो गई।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले इस वारदात को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा साइबर ठगी गिरोह सक्रिय है।

