Hazaribagh : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड के कोसुंभा गांव में 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस घटना के विरोध में बुलाए गए बंद का असर सोमवार सुबह से ही साफ नजर आया।
विष्णुगढ़ क्षेत्र पूरी तरह बंद रहा। दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। हालात ऐसे दिखे जैसे पूरे इलाके में लॉकडाउन लगा हो। सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही और बंद दुकानों ने माहौल की गंभीरता को और बढ़ा दिया।
आंदोलनकारियों का गुस्सा सिर्फ बाजार बंद तक सीमित नहीं रहा। लोगों ने विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड को सात माइल मोड़ के पास जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित हुआ। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सात माइल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ और अखाड़ा चौक पूरी तरह बंद नजर आए।
इस बंद को भारतीय जनता पार्टी का समर्थन मिला। पार्टी की ओर से हजारीबाग बंद का आह्वान किया गया था, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर बंद को सफल बनाया और कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
विष्णुगढ़ के अलावा झुमरा इलाके में भी बंद का असर दिखा। वहां भी दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। स्थानीय लोग एकजुट होकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते नजर आए और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील की।

