Jamshedpur : आजाद नगर में रोड नंबर एक स्थित राशन डीलर की दुकान पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। लोगों का आरोप है कि वह कई बार चक्कर लगा चुके हैं। लेकिन उन्हें राशन देने में आनाकानी की जाती है। राशन डीलर के कर्मचारी उन पर लाठी डंडे से हमला करते हैं। उनकी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर देते हैं।
सोमवार को भी ऐसा होने पर उपभोक्ताओं ने राशन दुकान के सामने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामले को शांत किया गया। लोगों का आरोप है की राशन डीलर मनमानी करता है। लोगों को राशन नहीं देता। कई बार मामले की शिकायत विशिष्ट अनुभाजन अधिकारी से भी की गई है। लोगों का कहना है कि जब वह राशन दुकान पर पहुंचे और अपना राशन कार्ड दिखाया तो फौरन राशन डीलर बोला-आज राशन नहीं मिलेगा। आज बहुत भीड़ है। इस पर उपभोक्ता ने कहा कि यही बात आप पांच दिनों से रोज कह रहे हैं। इस पर राशन दुकानदार भड़क गया और अनाप-शनाप बकने लगा।
लेकिन, जांच के नाम पर लीपापोती कर दी जाती है। इसी सब की वजह से राशन डीलरों का हौसला बढ़ा हुआ है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जमशेदपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। राशन डीलर मनमानी करते हैं और किसी को अनाज नहीं देते। इसी के चलते लोग हंगामा करते हैं।

