RANCHI: जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में रांची नगर निगम में गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनगणना 2027 की प्रक्रिया, जनगणना अधिनियम के प्रावधान, चार्ज अधिकारियों की भूमिका, हाउस लिस्टिंग और डेटा संग्रहण प्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इस बार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी।
30 सितंबर तक पहला चरण
पहला चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर की स्थिति और पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या से संबंधित लिंग, आयु, शिक्षा, धर्म और रोजगार जैसी जानकारी जुटाई जाएगी। विशेष बात यह है कि यह भारत की 16वीं और पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। इस बार कागज के बजाय एचएलओ मोबाइल एप, डिजिटल प्लेटफॉर्म और वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा संग्रह किया जाएगा।
समय-समय पर प्रशिक्षण का निर्देश
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए और अपनी जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से समझते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह जनगणना शहर की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को समझने और भविष्य की विकास योजनाओं के लिए आधार तैयार करेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता देते हुए समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार और गौतम प्रसाद साहू सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: ब्राउन शुगर और हथियार के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, इतना मिला ड्रग्स

