RANCHI: रांची विश्वविद्यालय में लंबे समय से जारी शैक्षणिक अव्यवस्था और सेशन की देरी को लेकर सोमवार को छात्रों के सब्र का बांध टूट पड़ा। एनएसयूआई और आजसू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली उच्च शिक्षा के मानकों के अनुरूप नहीं है। सेशन में लगातार देरी के कारण कई छात्रों को समय पर डिग्री और मार्कशीट नहीं मिल पा रहे हैं। इस वजह से उन्हें नौकरी और आगे की पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष विनय उरांव ने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था चरमरा गई है और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा हजारों छात्र भुगत रहे है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
लंबित सत्रों को नियमित किया जाए
छात्रों की प्रमुख मांगों में लंबित सत्रों को नियमित करना, सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी करना, पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और अंक गड़बड़ी की उच्चस्तरीय जांच शामिल है। इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं के गायब होने की घटनाओं की निष्पक्ष जांच, रिक्त शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों को भरना, स्थायी प्रशासनिक नियुक्तियां और समय पर प्रमाणपत्र वितरण भी शामिल हैं। छात्रों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, वाई-फाई और स्मार्ट क्लास की मांग भी उठाई। साथ ही सत्र 2017-20 और 2018-21 की स्पेशल परीक्षा के परिणाम जल्द प्रकाशित करने की मांग की।
READ ALSO: RANCHI NEWS: संवैधानिक पदों पर नियुक्ति को लेकर हाई कोर्ट में सुनवाई

