Dhanbad : सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल भौंरा ईजे क्षेत्र के जीएम ऑफिस के बाहर सोमवार को नकाबपोश अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोली चलने की आवाज से वहां भगदड़ मच गई।
जानकारी के अनुसार, फायरिंग के समय यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जीएम ऑफिस पहुंचे थे। वार्ता समाप्त होने के बाद जैसे ही वे समर्थकों के साथ बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।’
हमलावरों ने तोड़ दी बाइक
हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी निशाना बनाते हुए उसमें तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हमले से लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी के प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी हमलावर फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
फायरिंग करने वाले अपराधी थे नकाबपोश
पीड़ित गफ्फार अंसारी ने कहा कि आंदोलन को लेकर पुलिस को सूचना दी गई थी। जीएम से सभी मांगों पर वार्ता के बाद कार्यालय से बाहर निकलकर अपने अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग की और वाहनों में तोड़फोड़ की।

