Home » Chaibasa News : टाटा स्टील टॉप कैंप में दिनदहाड़े ठगी, कंपनी स्टाफ बनकर आए ठग, 4 लाख के गहने लेकर फरार

Chaibasa News : टाटा स्टील टॉप कैंप में दिनदहाड़े ठगी, कंपनी स्टाफ बनकर आए ठग, 4 लाख के गहने लेकर फरार

Chaibasa News : दिनदहाड़े इतनी बड़ी ठगी की घटना के बाद टाटा स्टील टॉप कैंप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

by Anurag Ranjan
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी स्थित टाटा स्टील टॉप कैंप इलाके में दिनदहाड़े हुई ठगी की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस वारदात में शातिर ठगों ने बेहद चालाकी से एक महिला को अपने झांसे में लेकर लगभग 4 लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहला दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कंपनी स्टाफ बनकर घर में किया प्रवेश

जानकारी के अनुसार, दो युवक खुद को उजाला कंपनी का कर्मचारी बताकर टॉप कैंप स्थित क्वार्टर नंबर 67 बी में पहुंचे। उन्होंने पहले तांबा और पीतल के बर्तनों को साफ कर महिला का भरोसा जीता। इसके बाद चांदी के पायल को साफ कर सुरक्षित लौटा दिया, जिससे महिला को उन पर पूरा विश्वास हो गया।

चालाकी से रची ठगी की साजिश

ठगों ने महिला विदिशा गोराई से सोने के गहनों की सफाई के नाम पर करीब 25 ग्राम के 16 गहने ले लिए, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद उन्होंने गहनों पर पाउडर और हल्दी लगाने का नाटक किया और महिला को पानी लाने के लिए अंदर भेज दिया।

महिला के अंदर जाते ही ठगों ने सारे गहने अपनी जेब में रख लिए और लौटने पर उसे झांसा दिया कि गहने कुकर में रख दिए गए हैं। उन्होंने महिला से कहा कि कुकर में पानी और हल्दी डालकर 30 मिनट तक गर्म करें। इसी बहाने वे मौके से फरार हो गए।

कुकर खुलते ही उड़े होश

करीब आधे घंटे बाद जब महिला ने कुकर खोला, तो उसमें कोई गहना नहीं था। यह देख वह घबरा गई और तुरंत अपने पति उत्तम गोराई को सूचना दी। इसके बाद टाटा स्टील की सुरक्षा टीम को अलर्ट किया गया, लेकिन तब तक ठग फरार हो चुके थे।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार, एक आरोपी काली शर्ट और ब्लैक पैंट में था जिसकी उम्र 40-50 वर्ष के बीच थी, जबकि दूसरा लंबा कद का लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े इतनी बड़ी ठगी की घटना के बाद टाटा स्टील टॉप कैंप की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्य गेट सील करने के बावजूद आरोपियों का आसानी से फरार हो जाना सुरक्षा तंत्र की कमजोरी को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को और मजबूत करने की मांग की है।

सतर्कता ही बचाव का एकमात्र उपाय

यह घटना बताती है कि ठग अब नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। “फ्री सफाई”, “कंपनी स्टाफ” या “ऑफर” जैसे बहानों से लोगों का भरोसा जीतना और फिर ठगी करना आम होता जा रहा है।

लोगों को चाहिए कि वे अनजान व्यक्तियों को घर में प्रवेश देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, आईडी कार्ड पर भी तुरंत भरोसा न करें और किसी भी कीमती सामान को अजनबियों को न सौंपें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित कदम है।

Read Also: West Singhbhum News : IED ब्लास्ट और गोलीबारी में कोबरा के 5 जवान घायल, रांची एयरलिफ्ट

Related Articles

Leave a Comment