Jamshedpur : जमशेदपुर के बाद बागबेड़ा, जुगसलाई और बर्मामाइंस इलाके में इन दिनों नशीले पदार्थों का कारोबार फल फूल रहा है। इन इलाकों में ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले तस्करों की भरमार हो गई है। डीसी कर्ण सत्यार्थी ने शनिवार को डीसी ऑफिस में जिला नारकोटिक्स से संबंधित समिति की बैठक की। इस बैठक में आए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बागबेड़ा, जुगसलाई और बर्मामाइंस में उन इलाकों की पहचान की जाए। जहां से ब्राउन शुगर और गांजा की तस्करी की जाती है।
इन ठिकानों पर छापामारी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए कार्यक्रम करने पर भी ज़ोर दिया गया। जिला प्रशासन की तरफ से लोगों को अपील की गई है कि नशीले पदार्थों की खरीद बिक्री से संबंधित कोई भी गतिविधि हो तो फौरन सूचना दें। इसके लिए, टोल फ्री नंबर 112 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा, पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर भी कॉल करने को कहा गया है।

