गिरिडीह । जिले के गावां सतगावां रोड के जोड़सिमर के समीप शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन चालक को पकड़कर बंधक बना लिया। फिर स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को भी भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
शनिवार को जोड़ासिमर में गांव के कुछ लोग सड़क किनारे बैठे थे। इसी बीच सड़क से गुजर रही कार अनियंत्रित हो गई और किनारे बैठे चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में 50 वर्षीय सरयू सिंह की मौत हो गई है, जबकि 28 वर्षीय श्रीकांत सिंह, 35 वर्षीय निरंजन सिंह और 60 वर्षीय भीम राजवंशी घायल हैं।
विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
ग्रामीणों के अनुसार कार काफी रफ्तार में थी। रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धक्का लगते ही दो लोग उसी कार में फंस गए। वहीं कार कई मीटर दूर जाकर केले के पौधे से टकरा कर रुकी,तभी दोनों को निकाला जा सका।
हादसा के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पहले घायलों को निकाला फिर चालक को बाहर निकाला । चालक को बंधक बनाकर एक कमरे में रख दिया गया। फिर सड़क को भी जाम कर दिया।
पुलिस वाहन पर ही किया पथराव
सूचना पाकर गावां थाना प्रभारी जेपी सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख लोग और आक्रोशित हो गए। पुलिस के वाहन पर ही पथराव किया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को खुद के बचाव में पसीना बहाना पड़ा। इधर पसनौर मुखिया अजय साव समेत अन्य लोग पहुंचे। किसी तरह लोगों के गुस्से को शांत कराया। हालांकि लोगों का कहना है कि सूचना के बाद भी पुलिस यहां विलंब से पहुंची। यही कारण है कि कुछ लोग भड़क गए।
हालात को देखते हुए तिसरी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इनके अलावा कई प्रतिनिधि भी पहुंचे और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। गावां थाना प्रभारी जेपी सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है, जबकि तीन घायल है।

