चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के कुल 27 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रशासन ने नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मोबाइल पुलिस टीम लगातार गश्त कर रही है।
जिला प्रशासन ने JPSC परीक्षा के लिए चाईबासा अनुमंडल में 18 और चक्रधरपुर अनुमंडल में 9 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। जिले के विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सुबह से ही परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों को कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। कड़ी जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर नोडल पदाधिकारी, उड़नदस्ता, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। केंद्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए मोबाइल पुलिस टीम लगातार सभी केंद्रों का भ्रमण कर रही है।
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को कई चरणों की जांच से गुजरना पड़ रहा है। एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के साथ ही की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, घड़ी और अन्य सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। केंद्र के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी गई है। पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर सभी वरीय पदाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कंट्रोल रूम से पल-पल की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। जिले के 27 केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

