Chatra: चतरा जिले से एक बेहद शर्मनाक और संवेदनहीन मामला सामने आया है। यहां पोस्टमार्टम के बदले मृतकों के परिजनों से अवैध वसूली की गई। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के भोज्या गांव की है, जहां तालाब में डूबने से एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद शोक में डूबे परिजनों से ही पैसे वसूले जाने का आरोप लगा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि सदर अस्पताल के एक स्विपर ने पोस्टमार्टम कराने के नाम पर उनसे कुल पांच हजार रुपये वसूले। इसमें ढाई हजार रुपये नकद और ढाई हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए।
प्रारंभिक जांच में आरोपों की हुई पुष्टि
मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। उपायुक्त रवि आनंद ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं सिविल सर्जन सत्येंद्र सिंहा ने प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि भी की है।
सिविल सर्जन के नेतृत्व में गठित कमेटी कर रही जांच
प्रशासन की ओर से सिविल सर्जन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक को भी शामिल किया गया है। उपायुक्त ने टीम को 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने साफ कहा है कि पोस्टमार्टम जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के बदले किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को न केवल बर्खास्त किया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

