RANCHI: राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चुनवा टोली मार्ग स्थित कांटाटोली खटाल के पीछे बस्ती इलाके से एक लावारिस कार बरामद की है। कार की तलाशी के दौरान उसमें से एक देसी रिवॉल्वर और दो जिंदा गोलियां मिली हैं। जानकारी के अनुसार रविवार रात एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चुनवा टोली इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक काले रंग की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। जांच के दौरान पता चला कि बीते कई दिनों से तीन अपराधी इसी कार से इलाके में घूम रहे थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर तलाशी ली, जिसमें हथियार और गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने कार मालिक समेत अन्य संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

