RANCHI: राजधानी रांची में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नरेश सिंधिया के रूप में हुई है। यह कार्रवाई नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार इलाके में की गई। जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जोरार क्षेत्र में छिपकर नकली शराब के निर्माण और सप्लाई के अवैध धंधे में लगा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान आरोपी को मौके से दबोच लिया गया।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नकली शराब तैयार कर उसे अन्य राज्यों में भी खपाने का काम करता था। इससे एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि नकली शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें।

