Chaibasa : झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंतर जिला महिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर दो क्वार्टर फाईनल मैच खेले गए। पूर्वाह्न 9:00 बजे से खेले गए पहले क्वार्टर फाईनल मैच में जमशेदपुर ने गुमला को एकतरफा मुकाबले में 87 रनों से पराजित कर सेमीफाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जमशेदपुर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 139 रनों का स्कोर खड़ा किया। जमशेदपुर की ओर से पारी की शुरुआत करने आई नादिया अली ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दस चौके एवं एक छक्के की मदद से नाबाद 79 रनों की पारी खेली। अनन्या वर्मा ने तीन चौके की सहायता से 19 तथा सुरभी कुमारी ने दो चौके की मदद से 13 रन बनाए। गुमला की ओर से गेंदबाजी करते हुए मेघा तिर्की ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। श्वेता कुमारी, सुप्रिया रानी एवं बिंदेश्वरी कुमारी को एक-एक सफलता हाथ लगी।
52 रन पर ऑल आउट हो गई गुमला की टीम

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुमला की पूरी टीम 14.1 ओवर में मात्र 52 रन बनाकर आल आउट हो गई। गुमला की ओर से पारी की शुरुआत करने आए मेघा तिर्की ने एक चौके की सहायता से सर्वाधिक 18 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। जमशेदपुर की ओर से इशिका दीपक ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र चार रन देकर पाँच बल्लेबाजों को पैविलियन की राह दिखाई। प्राची प्रधान ने सात रन देकर दो तथा रायनीता हपतगड़ा ने पंद्रह रन देकर दो विकेट हासिल किए।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जमशेदपुर की इशिका दीपक को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार स्वरूप उसे पाँच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक कविता रॉय ने प्रदान किया।
आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे क्वार्टर फाईनल मैच में देवघर की टीम ने सिमडेगा को 46 रनों से पराजित कर सेमीफाईनल में प्रवेश किया।
देवघर की टीम ने टॉस जीत कर की पहले बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। कप्तान सोनिया कुमारी ने छः चौके तथा दो छक्के की सहायता से सर्वाधिक 45 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में पिंकी कुमारी एवं अंजलि कुमारी ने 27-27 रन तथा जयमाला कुमारी ने 23 रनों का योगदान दिया। सिमडेगा की ओर से गेंदबाजी करते हुए ईशा ने 36 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। सोनल वर्तवाल एवं मनीषा कुमारी को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमडेगा की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे बीस ओवर खेलकर चार विकेट के नुकसान पर 107 रन ही जुटा पाई और 46 रनों के अंतर से मैच गंवा कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
देवघर की पूर्णिमा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
सिमडेगा की ओर से गोल्डी सिंह ने चार चौके की सहायता से 48 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुईं। पारी की शुरुआत करने आई डोली ने चार चौके की मदद से 36 रन बनाए। देवघर की पूर्णिमा कुमारी ने गेंदबाजी करते हुए 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में देवघर की सोनिया कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार स्वरुप पाँच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक ने प्रदान की।
Read Also: West Singhbhum: घरेलू विवाद के बाद टाटा कॉलेज की छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

