रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग(JSSC) की झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 में भाग लेनेवाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए परेशान करने वाली खबर है। आयोग के पोर्टल में 2,819 अभ्यर्थियों से संबंधित डेटा में तकनीकी समस्या आ गई है। ऐसे अभ्यर्थियों को द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा देनी होगी।
द्वितीय पत्र की दोबारा परीक्षा आठ मई को रांची के विभिन्न केंद्रों पर ली जाएगी। आयोग के अनुसार, इस परीक्षा में सम्मिलित विभिन्न अभ्यर्थियों को उत्तर-पत्रक, औपबंधिक उत्तर कुंजी एवं आनलाइन आपत्ति दर्ज करने के लिए पोर्टल पर सस्पिसियस एक्टिविटी/अनअथाराइज्ड एक्सेस संबंधित संदेश प्रदर्शित हुआ है।
दिख रहा सस्पिसियस एक्टिविटी/अनअथाराइज्ड एक्सेस तथा टेक्निकल ईरर
इसके बाद आयोग ने निर्णय लिया कि सस्पिसियस एक्टिविटी/अनअथाराइज्ड एक्सेस तथा टेक्निकल ईरर वाले अभ्यर्थियों के द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा फिर से ली जाएगी। इस परीक्षा के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र अलग से जारी किया जाएगा।
आयोग ने ऐसे अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन नंबर भी प्रकाशित कर दिया है, जिन्हें उक्त पत्र की दोबारा परीक्षा देनी होगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट देखने के निर्देश भी दिए हैं।
बताते चलें कि माध्यमिक आचार्य नियुक्ति परीक्षा 15-22 जनवरी को आयोजित की गई थी। आयोग ने 16 अप्रैल को इस परीक्षा माडल उत्तर जारी कर उस पर आपत्तियां और सुझाव मांगे थे। इसमें ही तकनीकी समस्या आई है।
इधर,उर्दू व एक-दो जनजातीय भाषाओं में मॉडल उत्तर में गलतियां सामने आई हैं। अभ्यर्थी इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। राज्य में पहली बार माध्यमिक विद्यालयों में माध्यमिक आचार्य के नए कैडर व वेतनमान में शिक्षकों की नियुक्ति हो रही है।

