Home » HAZARIBAGH: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई बैंक डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, सरगना समेत 3 गिरफ्तार

HAZARIBAGH: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई बैंक डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा, सरगना समेत 3 गिरफ्तार

आरोपियों के पास से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद और डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

HAZARIBAGH: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई बहुचर्चित बैंक डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों पंकज, सौरभ और अफजल को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने वाराणसी के सारनाथ स्थित सिंहपुर इलाके में की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 912.22 ग्राम सोना, 20 लाख रुपये नकद और डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की गई है। इन आरोपियों पर बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा से करीब 4 किलो सोना और 42 लाख रुपये की लूट का आरोप है। इस घटना के बाद पुलिस लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।

गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस आरोपियों को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लेकर आई है। नियमानुसार चार मई की शाम 5 बजे तक उन्हें वाराणसी के सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाना है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के बाकी सामान की जानकारी जुटाने में लगी है। इस ऑपरेशन में बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार, थाना प्रभारी विनोद यादव और चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Related Articles