Dhanbad : केंदुआ क्षेत्र में बीसीसीएल के पुराने जीएम बंगले के समीप धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग के किनारे 16 अप्रैल की सुबह हुए भू-धसान के बाद शुक्रवार को स्थिति और गंभीर हो गई। करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद धंसे हुए स्थान में पानी भरने से धुआंनुमा गैस का निरंतर रिसाव हो रहा है , जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।स्थानीय लोगों के अनुसार 16 अप्रैल को हुए भू-धसान के बाद प्रशासन ने केवल सड़क मार्ग को बंद कर बैरिकेडिंग कर दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों का आरोप है कि सिर्फ खानापूर्ति कर मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीसीसीएल के द्वारा यहाँ के लोगों को भगाने की साजिश रची जा रही है ताकी निजी कंपनी को शोप कोयला निकाला जा सके । गौरतलब है कि दिसंबर 2025 से ही केंदुआ क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में गैस रिसाव की घटनाएं सामने आ रही हैं।
अब तक गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है, बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।लगातार हो रही बारिश और भू-धसान के कारण क्षेत्र की स्थिति और भयावह होती जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से अविलंब ठोस कदम उठाने तथा प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

