गिरिडीह । तीन मजदूर घर से मजदूरी करने निकले थे। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वाहन की सेवा ले खरीद सकें। उम्र भी 65 पार कर चुका था। मंगलवार की सुबह पैदल ही जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने तीनों को रौंद दिया। इनमें दो की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बनी है।
राजधनवार मुख्य मार्ग पर हुई घटना
घटना गिरिडीह जिले के राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के सामने हुई। मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी निवासी बासुदेव साव (70 वर्ष) और लखिया देवी (65 वर्ष, पति लखपत साव) के रूप में हुई है। जबकि धनपत साव (65 वर्ष) इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मजदूरों के परिवार के सदस्य घटना स्थल पहुंचे। वहां का माहौल सभी आने-जाने वालों का दिल दहल गया। आसपास के लोगों ने बताया कि तीनों मजदूर माखमरगो की ओर पैदल मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

