RANCHI: झारखंड के सभी जिलों के पुलिस थाना और ओपी प्रभारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने व जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण झारखंड पुलिस के तहत पुलिस ट्रेनिंग स्कूल झारखंड रांची में आयोजित किया गया। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रभारियों को आम जनता के साथ मिलकर बेहतर काम करने का मंत्र दिया।
9 सत्रों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
राज्य में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस प्रशिक्षण को 5, 7, 11, 14, 18, 21, 25, 28 और 29 मई को कुल 9 सत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक सत्र में अलग-अलग जिलों के थाना प्रभारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पब्लिक के साथ व्यवहार, मीडिया ब्रीफिंग से जुड़े एसओपी, महिलाओं और बच्चों से संबंधित मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के अनिवार्य प्रावधान, सर्च और सीजर की प्रक्रिया, एफएसएल टीम की भूमिका, अभियोजन संबंधी पहलू तथा सीसीटीएनएस से जुड़े तकनीकी विषयों की जानकारी दी जा रही है।
बेहतर पुलिसिंग के सिखाए गुर
अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए बेहतर पुलिसिंग के गुर सिखाए। साथ ही बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जनविश्वास को मजबूत करना है ताकि आम जनता को बेहतर और संवेदनशील पुलिस सेवा मिल सके।

