Jamshedpur : झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां करंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। इससे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना वन विभाग की लापरवाही का नतीजा मानी जा रही है। यह हादसा कुकडू प्रखंड के तिरूलडीह और सापारूम गांव के बीच मंगलवार को देर रात हुआ।बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे, तो उन्होंने मौके पर हाथी का शव पड़ा देखा।
मृत हाथी के शरीर पर बिजली का तार लिपटा हुआ था, जिससे साफ तौर पर करंट लगने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इस घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश और चिंता देखने को मिल रही है।सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
अधिकारियों ने हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके बाद शव को घटनास्थल के पास ही दफनाया जाएगा।गौरतलब है कि चांडिल वन क्षेत्र में पहले भी करंट की वजह से कई हाथियों की मौत हो चुकी है, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

