Jamshedpur : शहर में भीषण गर्मी पड़ रही है और जल संकट गहरा रहा है। मानगो और बागबेड़ा समेत गैर कंपनी इलाकों में पानी की किल्लत महसूस की जा रही है। इसी को लेकर भाजपा ने गुरुवार को डीसी ऑफिस के सामने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता सिर पर घड़ा रखे हुए थे। प्रदर्शन का नेतृत्व जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू कर रही थीं।
भाजपा कार्यकर्ता साकची स्थित पार्टी के जिला कार्यालय से जुलूस बनकर निकले और डीसी ऑफिस पहुंचे। बाद में बाद में डीसी राजीव रंजन के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया और जल संकट खत्म करने की बात कही गई। इसके अलावा, बिजली को लेकर भी मांग की गई है। कहा गया है कि गैर कंपनी इलाकों में लगातार बिजली कटौती हो रही है। इससे लोग परेशान हैं। बिजली कटौती से निजात दिलाई जाए।
बिजली कटौती से भी जनता त्रस्त
इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास भी मौजूद थे। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला। रघुवर दास ने कहा कि इस भीषण गर्मी में जनता को राहत देने के बजाय सरकार सिर्फ घोषणा करने में जुटी हुई है। बिजली कटौती के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोगों को पानी भी नहीं मिल रहा है। इससे परिवार के लोग परेशान हैं। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि जनता त्रस्त हो गई है। बिजली कटौती से लोग सो नहीं पा रहे हैं। सुबह उठते ही पानी के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार जनता को सुविधाएं देने में असफल साबित हो रही है। इस प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता सुबोध झा व अन्य लोग शामिल हुए।

