Palamu : पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान रेहला निवासी दिनेश कुमार चंद्रवंशी (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि दिनेश कुमार चंद्रवंशी गुरुवार रात अपने बगलगीर फुआ के घर किसी काम से गया था। इसी दौरान वह घर से बाहर निकलकर बाथरूम कर रहा था। तभी रेहला निवासी गुड्डू सोनी का पुत्र अनुज सोनी उर्फ भोलू वहां पहुंचा और अचानक दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी ने दिनेश को दो बार चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्वजनों ने तत्काल रेहला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, मामले को लेकर रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
Read Also- RANCHI NEWS: डीसी ने निजी स्कूलों के प्रिंसिपल की बुलाई अहम बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

